*किसानों के उत्थान के लिए देश एवं प्रदेश सरकार है प्रतिबद्ध- विधायक*
मोहम्मद शरीफ की रिपोर्ट
*पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर ’’किसान सम्मान दिवस’’ का हुआ आयोजन*
*जिले के 63 किसानों को किया सम्मानित*
श्रावस्ती,देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित तथागत हाल में ’’किसान सम्मान दिवस’’ का आयोजन किया गया। जिसका विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह एवं पूर्व जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा ओम ने स्व0 चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। कार्यक्रम के दौरान मिलेट्स अनाजों एवं कृषि, उद्यान, मत्स्य, लघु सिंचाई, पशुपालन सहित विभिन्न विभागो द्वारा स्टाल भी लगाये गये,जिसका विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ने अवलोकन भी किया। इस दौरान विभिन्न फसलों में बेहतर उत्पादन करने वाले जिले के कुल 63 किसानों को विधायक श्रावस्ती, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ने अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक, श्रावस्ती ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान हेतु प्रतिबद्ध है, इसके लिए देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों के हित में तमाम योजनाऐं चलाई जा रही है। इसलिए किसान भाई सरकार की योजनाओं से लाभ उठावें और वैज्ञानिक विधि से उन्नतशील खेती करके वे अपने खेतों में बेहतर उत्पादन करें जिससे उनकी आमदनी भी बढे और आर्थिक रुप से भी वे समृद्ध बनें। जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व0 श्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। चौधरी चरण सिंह जी आधुनिक युग की खेती की सोच रखने वाले नेता थे। वे सदैव किसानों के हक और अधिकार के लिए प्रतिबद्ध रहे है। जिसके फलस्वरूप आज उनके जन्मदिवस के अवसर पर किसान सम्मान दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता है, सम्पूर्ण अर्थ व्यवस्था किसानों के वजह से ही चल रही है, सरकार किसानों के उत्थान के लिए निरन्तर तमाम योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है।
