मंगल बाजार शिफ्टिंग की आड़ में बड़ा खेल, 300 दुकानदार अब भी वंचित
लखनऊ।
गीताजंली सिंह
मंगल बाजार की शिफ्टिंग के नाम पर बड़ा खेल किए जाने का आरोप सामने आया है। आशियाना पटरी दुकानदार समिति के अनुसार, पिछले लगभग 7 हफ्तों से सैकड़ों दुकानदारों को दुकान लगाने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है। जबकि मंगल बाजार को स्थानांतरित हुए लगभग दो महीने बीत चुके हैं, इसके बावजूद करीब 300 दुकानदारों को भ्रष्टाचार के कारण नई जगह आवंटित नहीं की गई।
इस गंभीर समस्या को लेकर आज आशियाना पटरी दुकानदार समिति के अध्यक्ष सतीश गुप्ता एवं महामंत्री राजकुमार गुप्ता ने 26 जनवरी के झंडारोहण कार्यक्रम के उपरांत सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र के यशस्वी विधायक माननीय राजेश्वर सिंह जी को वस्तुस्थिति से अवगत कराया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से रोजगार से वंचित दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। विधायक जी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही सभी 300 दुकानदारों को उचित स्थान पर स्थानांतरित कराए जाने का आश्वासन दिया।
दुकानदारों को उम्मीद है कि माननीय विधायक के हस्तक्षेप से जल्द ही समस्या का समाधान होगा और वे पुनः अपना रोज़गार शुरू कर सकेंगे।












