भूला-भटका 10 वर्षीय बच्चा सुरक्षित माता-पिता से मिलाया गया
बहराइच
दिनांक 1 फरवरी 2026 को एक सराहनीय मानवीय पहल के तहत 10 वर्षीय बालक प्रीतम कुमार, पुत्र राजकुमार, निवासी टेपरी (नेपाल) को सकुशल उसके माता-पिता से मिलाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीतम कुमार गंगापुर–गुलरिया बस में बैठकर भूलवश बहराइच पहुंच गया था। बस कंडक्टर द्वारा स्थिति समझने के बाद बच्चे को सुरक्षित रूप से टिकोरा मोड़, बहराइच पुलिस चौकी पर उतारकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस चौकी प्रभारी एवं सिपाही हरिओम ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना संबंधित व्यक्ति को दी। इसके बाद रात लगभग 11:00 बजे आवश्यक सुपुर्दगी नामा की प्रक्रिया पूर्ण कर बच्चे को अपने संरक्षण में लिया गया और उसके माता-पिता को सुरक्षित सौंप दिया गया।
अपने बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता की आंखों में खुशी और राहत साफ दिखाई दी। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की संवेदनशीलता और सहयोग की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की।
बच्चे को उसके परिवार से मिलवाकर सभी ने मानवीय संतोष और खुशी का अनुभव किया।












