कानपुर में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड पर क्लेम अदा न करने का गंभीर आरोप सामने आया है। बाबूपुरवा निवासी पीड़ित ड्राइवर आकिल हुसैन ने कंपनी के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने की मांग की है।
मीडिया को दिए बयान में आकिल हुसैन ने बताया कि वह सोहन गुप्ता की ओमनी वैन (कार संख्या यूपी 78 सीटी 5904) चला रहा था। 28 अक्टूबर 2025 को फतेहपुर से कानपुर लौटते समय थाना महाराजपुर क्षेत्र के पास वाहन की ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि ओमनी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक आकिल हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपना इलाज निजी अस्पताल में कराया और इसके लिए कर्ज तक लेना पड़ा। घटना के बाद न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के जांचकर्ता नागेश मिश्रा द्वारा जांच भी की गई, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी क्लेम की राशि नहीं मिली।
आकिल हुसैन ने बताया कि उन्होंने कंपनी के मुख्य कार्यालय मुंबई समेत अन्य कार्यालयों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी। मुंबई कार्यालय से उन्हें फोन कर क्लेम नंबर पूछा गया, लेकिन जांचकर्ता द्वारा क्लेम नंबर नहीं बताया गया। वाहन स्वामी सोहन गुप्ता को भी क्लेम नंबर की जानकारी नहीं दी गई।
पीड़ित का आरोप है कि कंपनी की ओर से क्लेम प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और उन्हें लगातार जानकारी से वंचित रखा जा रहा है।
पीड़ित चालक आकिल हुसैन ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कमेटी गठित करने तथा जल्द से जल्द क्लेम राशि दिलाने की मांग की है।












