बाल विवाह रोकने को तुवन मंदिर परिसर में चलाया जागरूकता अभियान
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला थाना और ऑपरेशन जागृति की टीम ने लोगों को बताए बच्चों के अधिकार और कानूनी प्रावधान
ललितपुर। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत रविवार को स्थानीय तुवन मंदिर परिसर में बाल विवाह की रोकथाम और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑपरेशन जागृति की टीम एवं महिला थाना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों तथा इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए आगे आने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन करने के साथ ही उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। कम उम्र में विवाह होने से विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है। इसके कारण उन्हें शोषण, कुपोषण और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। कम उम्र में विवाह होने से उनकी शिक्षा अधूरी रह जाने के साथ आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर भी प्रभावित होते हैं। महिला थाना प्रभारी अनीता सिंह ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत बाल विवाह कराने, उसमें सहयोग करने अथवा संबंधित अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। ऑपरेशन जागृति के काउंसलर अजय बरया ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। बच्चों को शिक्षा से जोडऩा, किशोर-किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और अभिभावकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देना बेहद जरूरी है। उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक रहने, ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा बच्चों के अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य की रक्षा में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महिला थाना प्रभारी अनीता सिंह, काउंसलर अजय बरया, डा.एस.पी. पाठक, डा.जनक किशोरी, सुधा कुशवाहा, डा.सुभाष चन्द्र, डा.संजीव कुमार शर्मा, एड.अरमान कुरैशी, हेड कांस्टेबल आशा, महिला कांस्टेबल भावना, महिला कांस्टेबल संगीता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो-पी4
कैप्सन- जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी












