व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन की अहम बैठक
व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आया।
श्रावस्ती!पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम द्वारा पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के प्रमुख व्यवसायियों—सर्राफा, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी एवं ईंट भट्ठा स्वामियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।बैठक की शुरुआत में अपर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए व्यापारी बंधुओं से परिचय प्राप्त कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनके क्षेत्रों में उत्पन्न हो रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। व्यापारियों ने प्रमुख रूप से यातायात अव्यवस्था, सड़क अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन, पेट्रोल पंपों पर अत्यधिक भीड़-भाड़ तथा स्कूल बसों की फिटनेस से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि भीड़-भाड़ वाले बाजारों एवं कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा पेट्रोल पंपों पर भीड़ नियंत्रण हेतु प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जाएगी।बैठक में बाजारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रात्रि गश्त एवं पिकेट ड्यूटी बढ़ाने, बैंक एवं एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा थाना/चौकी स्तर पर व्यापारी समस्याओं के समाधान हेतु मासिक गोष्ठी आयोजित करने का भी आश्वासन दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने यहां कार्यरत गार्डों एवं चौकीदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराएं और बाल श्रम से पूरी तरह परहेज करें। सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत सभी प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया।अंत में, जन सहयोग से स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरों के लिए व्यापारी बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन ने हर संभव सहयोग एवं सद्व्यवहार का भरोसा दिलाया।












