# बांदा: रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मृत नवजात के शव को उठा ले गए आवारा कुत्ते
**बांदा।** रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल परिसर में एक मृत नवजात शिशु के शव को आवारा कुत्तों द्वारा उठा ले जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक महिला ने मेडिकल कॉलेज में मृत बच्चे को जन्म दिया था। डॉक्टरों द्वारा नवजात के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। इसी दौरान अस्पताल परिसर में आवारा कुत्ते शव को उठाकर बाहर ले गए।
मामले में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सुनील कौशल ने बताया कि डॉक्टरों ने मृत नवजात के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। परिजनों को नींद आ जाने के कारण उनकी निगरानी नहीं हो सकी, जिसका फायदा उठाकर आवारा कुत्ते शव को उठा ले गए और अस्पताल परिसर के बाहर ले जाकर उसे अपना शिकार बना लिया।
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद आवारा कुत्ते किस तरह परिसर में प्रवेश कर रहे हैं और ऐसी घटना कैसे हो गई, इसे लेकर लोगों में चिंता है। लोगों का सवाल है कि यदि अस्पताल परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं तो मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
घटना ने अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
**बाइट:** सुनील कौशल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
**बाइट:** गणेश प्रसाद, पीड़ित
**माया तिवारी, ब्यूरो चीफ, बांदा।**









