कैसरगंज के प्यारेपुर से युवक तीन माह से लापता, परिजनों ने घोषित किया ₹10,000 का इनाम

Listen to this article

कैसरगंज के प्यारेपुर से युवक तीन माह से लापता, परिजनों ने घोषित किया ₹10,000 का इनाम

बहराइच। जनपद बहराइच के थाना कैसरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्यारेपुर निवासी बादशाह खान (पिता – भूरेखा) लगभग तीन माह से लापता हैं। परिजनों के अनुसार बादशाह खान घर से लखनऊ जाने के लिए निकले थे, लेकिन वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने रिश्तेदारों, परिचितों तथा विभिन्न शहरों में युवक की काफी तलाश की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला। इस संबंध में थाना कैसरगंज में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है। परिजनों का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद तीन माह बीत जाने पर भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है।

युवक के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार पूरे गांव में चिंता और मायूसी का माहौल है। परिजनों ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति बादशाह खान के बारे में विश्वसनीय सूचना देगा या उनकी सकुशल बरामदगी में सहयोग करेगा, उसे ₹10,000 का इनाम तथा आने-जाने का खर्च दिया जाएगा।

परिजनों ने प्रशासन से युवक की शीघ्र तलाश कर सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि युवक के साथ किसी अप्रिय घटना या अपहरण की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक अपहरण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अब देखना यह होगा कि इस मामले में जिला पुलिस प्रशासन आगे क्या कार्रवाई करता है और लापता युवक की तलाश में कितनी तेजी लाई जाती है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now