घर घर ब्राह्मण जोड़ो अभियान तेज, प्रदेश भर में अब तक पंद्रह लाख फार्म भरे लक्ष्य पचास लाख
राष्ट्रीय अध्यक्ष बोले आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए तथा यूजीसी बिल तत्काल वापस लिया जाए तथा सवर्ण आयोग बनाया जाए।
कानपुर। सर्व ब्राह्मण विकास परिषद के केंद्रीय कार्यालय दर्शन पुरवा में घर घर ब्राह्मण जोड़ो अभियान को लेकर बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष पं कमल किशोर अवस्थी ने बताया कि संगठन ने प्रदेश भर में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। परिषद द्वारा प्रदेश भर में अब तक पंद्रह लाख तीन सौ चौसठ फार्म भरे जा चुके हैं तथा संगठन ने पचास लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। संगठन तीस सितंबर तक इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिन-रात जुटा हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित कमल किशोर अवस्थी ने कहा कि पंद्रह लाख से अधिक फॉर्म भरना हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। लेकिन अभी हमें रुकना नहीं है, हमें पचास लाख का लक्ष्य पूरा करना है। पौराणिक काल से ही ब्राह्मण समाज को दिशा देता आ रहा है। आज ब्राह्मणों की अनदेखी हो रही है। हमारी मांग है सवर्ण आयोग का गठन किया जाए। तथा भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। संस्कृत आचार्यो की नियुक्तिया की जाए एवं मंदिरों में पूजा पाठ कर रहे पण्डितों को हर महीने एक हजार रुपये सम्मान राशि दी जाए तथा राजनीति एवं टिकट बंटवारे में भी ब्राह्मणों को जनसंख्या के आधार पर 27 प्रतिशत टिकट दिया जाए। वही प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में हमारी टीम गठित है। पंद्रह लाख से ज्यादा फार्म भर चुके हैं और पचास लाख का लक्ष्य हम तीस सितंबर से पहले ही पा लेंगे। ब्राह्मण जब एकजुट होगा तभी उसकी बात सरकार एवं राजनैतिक दल सुनेगे। वक्ता महेश त्रिवेदी ने कहा कि संगठन ही ताकत है। वक्ता एस पी शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण युवाओं को आगे आना होगा। वक्ता आचार्य राम शेखर द्विवेदी ने कहा कि धर्म और समाज की रक्षा के लिए एकता जरूरी है। वक्ता श्रीमती अर्चना शुक्ला ने कहा कि महिला शक्ति की भागीदारी से संगठन और मजबूत होगा।












