लखनऊ, 23 जनवरी पराक्रम दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 130वीं जयंती मानव आदर्श सेवा समिति द्वारा हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन वृंदावन कॉलोनी स्थित हरित पट्टिका में किया गया, जहाँ समस्त आयु वर्ग के लोगों के लिए विचार संगोष्ठी आयोजित हुई।
संगोष्ठी में बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय योगदान पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने नेताजी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम का नेतृत्व मानव आदर्श सेवा समिति के सचिव पी. के. घोष ने किया। इस अवसर पर समिति द्वारा सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए निर्बल एवं निर्धन वर्ग के लोगों को कंबल एवं वस्त्र वितरित किए गए। संगोष्ठी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी के उपरांत क्षेत्रीय जनमानस एवं उपस्थित लोगों ने तहरी भोज के प्रसाद का सामूहिक रूप से ग्रहण किया, जिससे कार्यक्रम में सामाजिक समरसता एवं सहभागिता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।












