कैसरगंज तहसील में धड़ल्ले से अवैध खनन, प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप

Listen to this article

कैसरगंज तहसील में धड़ल्ले से अवैध खनन, प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप

बहराइच। जनपद बहराइच की तहसील कैसरगंज अंतर्गत सोनारी चौराहा, मोहरी कला, कुरसंडा, गंडारा, जमापुर चौराहा, जरवल कस्बा, मीरपुर सहित विभिन्न स्थानों पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद क्षेत्र में रातों-रात खनन कार्य जारी है।

सूत्रों के अनुसार सोनारी चौराहा एवं आसपास के क्षेत्रों में कुछ लोगों द्वारा बिना वैध पंजीकरण के प्लाटिंग की गई है। आरोप है कि इसी प्लाटिंग वाली कृषि योग्य भूमि पर खनन माफियाओं द्वारा दो-दो मशीनें लगाकर मिट्टी का अवैध खनन कराया जा रहा है। 28 फरवरी 2026 की रात सोनारी चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर जमापुर चौराहा मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मिट्टी डंप किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि जफर इंजीनियर के प्लाट पर रातों-रात मिट्टी खनन कर डंप लगाई गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्यारेपुर निवासी वदूद पुत्र खलील एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा यह कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों द्वारा जब संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई तो उपजिलाधिकारी कैसरगंज ने टीम भेजने की बात कही। टीम मौके पर पहुंची, निरीक्षण कर वापस चली गई, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

प्रशासनिक निष्क्रियता को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कृषि योग्य भूमि का निरंतर क्षरण होगा, जिससे भविष्य में खाद्यान्न संकट जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

अब देखना यह है कि खबर सार्वजनिक होने के बाद जिला प्रशासन और खनन विभाग अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now