अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण

Listen to this article

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएमओ ने किया स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण

महिला मरीजों व कर्मियों को किया सम्मानित

श्रावस्ती!अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के गौरवमयी अवसर पर जनपद श्रावस्ती में स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं के सम्मान और प्रोत्साहन हेतु विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया तथा महिला मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहित किया गया। सर्वप्रथम मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का भ्रमण किया। वहां भर्ती महिला मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें फल वितरित कर सम्मानित किया।इस दौरान सीएमओ ने अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सकों, नर्सों और अन्य महिला स्वास्थ्य कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “महिलाएं समाज की धुरी हैं। अस्पताल में आने वाली प्रत्येक महिला मरीज के साथ सम्मानजनक व्यवहार और संवेदनशीलता हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने महिला स्वास्थ्य कर्मियों के निरंतर उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पीएचसी हरिहरपुर रानी का किया औचक निरीक्षण
जिला अस्पताल के उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हरिहरपुर रानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, केंद्र की साफ-सफाई तथा लेबर रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहां उपस्थित लाभार्थियों को फल वितरित करते हुए सीएमओ ने केंद्र पर तैनात महिला कर्मियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित जननी सुरक्षा जैसी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पूरी तत्परता के साथ पहुँचाया जाए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now