अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एसएसबी 62वीं वाहिनी में विशेष कार्यक्रम, महिलाओं को किया गया सम्मानित
श्रावस्ती। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च 2026 को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा के वाहिनी मुख्यालय सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट 62वीं वाहिनी एसएसबी के मार्गदर्शन तथा संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती प्रेरणा शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ महिला दिवस के उपलक्ष्य में उपस्थित महिलाओं द्वारा केक काटकर किया गया। इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. कल्पना महादेव पाटील ने पोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान देते हुए महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, उचित पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी।इसके बाद श्रीमती सरिता तलान ने आर्थिक बचत एवं निवेश विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा भविष्य को सुरक्षित करने के लिए योजनाबद्ध बचत और निवेश की आवश्यकता पर बल दिया।इस दौरान महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा विषय पर एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसके माध्यम से महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास बढ़ाने का संदेश दिया गया। साथ ही उपस्थित महिलाओं को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान सेठ एम.आर. स्कूल जयपुरिया की प्रधानाचार्य श्रीमती अनिता सक्सेना तथा अन्य शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वाहिनी के सभी संदीक्षा सदस्यगण, महिला बलकर्मी तथा सेठ एम.आर. स्कूल जयपुरिया की प्रधानाचार्य श्रीमती अनिता सक्सेना के साथ अन्य शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।












