दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, करंट की चपेट में आकर दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद से इस समय एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। थाना सोनवा क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर चौराहा के पास एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लालपुर प्रहलादा गांव निवासी श्याम लाल पुत्र वंशराज (उम्र लगभग 40 वर्ष) साइकिल से बाजार सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से जमीन पर गिरा 11,000 वोल्ट का बिजली का तार पड़ा हुआ था। जैसे ही वह साइकिल सहित उस तार के संपर्क में आए, करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हाई वोल्टेज तार पिछले करीब चार दिनों से सड़क पर गिरा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना संबंधित बिजली विभाग को कई बार दी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही ने आज एक परिवार का सहारा छीन लिया।
मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बाइट (पिता श्याम लाल):
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता श्याम लाल ने बताया कि उनका बेटा ही परिवार का एकमात्र सहारा था, जो मेहनत मजदूरी कर किसी तरह घर चला रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते बिजली विभाग कार्रवाई कर देता तो आज उनके बेटे की जान बच सकती थी।
वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए मीडिया द्वारा जब बिजली विभाग के एक्सईएन (अधिशासी अभियंता) से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लाइनमैन और जेई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मृतक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिरकार कब तक विभागीय लापरवाही आम लोगों की जान लेती रहेगी?












