स्वास्थ्य केंद्र तक जाने वाला मार्ग बदहाल, मरीजों को हो रही भारी परेशानी
बहराइच। जनपद बहराइच के ब्लॉक तेजवापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत दहाव में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (स्वास्थ्य केंद्र) तक जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश द्वार के सामने इंटरलॉकिंग सड़क कई स्थानों पर उखड़ चुकी है, जबकि सड़क किनारे की ईंटें और नाली क्षतिग्रस्त होकर टूट गई हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर रूप धारण कर सकती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के कई गांवों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, लेकिन जर्जर मार्ग के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से सड़क और नाली की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर कब तक आवश्यक कार्रवाई करते हैं और ग्रामीणों को राहत मिल पाती है या नहीं।
रिपोर्ट : सूरज कश्यप
स्थान : ग्राम पंचायत दहाव, ब्लॉक तेजवापुर, जनपद बहराइच












