श्रावस्ती में ‘स्माइल ट्रेन’ की पहल से बच्चों के चेहरों पर लौटेगी मुस्कान
आरबीएसके के तहत निशुल्क शिविर आयोजित,
75 बच्चों का पंजीकरण, 45 लखनऊ रेफर
श्रावस्ती।07 मई 2026।
जनपद श्रावस्ती में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत कटे होंठ एवं तालु से पीड़ित बच्चों के लिए बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा स्थित एनआरसी केंद्र में विशाल निशुल्क पंजीकरण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्माइल ट्रेन (सिप्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में जिले भर से आए बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। शिविर के दौरान कुल 75 बच्चों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 55 बच्चों को ऑपरेशन हेतु चयनित किया गया। इनमें 45 बच्चों को तत्काल स्माइल ट्रेन की विशेष बस से लखनऊ स्थित सिप्स हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। साथ ही उनके रहने और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। शेष चयनित बच्चों को भी शीघ्र उपचार के लिए भेजा जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर का उद्देश्य गरीब एवं असहाय परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना और बच्चों को सामान्य जीवन प्रदान करना है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
आरबीएसके कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. उदय नाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के तहत केवल कटे होंठ एवं तालु ही नहीं, बल्कि जन्मजात हृदय रोग, कम सुनाई देना, क्लब फुट (टेढ़े पैर) सहित 42 प्रकार की बीमारियों का मुफ्त इलाज डीईआईसी सेंटरों के माध्यम से कराया जा रहा है।
सिप्स अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन एवं स्माइल ट्रेन प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. रितेश पुरवार ने बताया कि कटे होंठ के ऑपरेशन के लिए बच्चे की न्यूनतम उम्र 4 से 6 माह एवं वजन कम से कम 5 किलोग्राम होना आवश्यक है, जबकि कटे तालु के लिए न्यूनतम उम्र 9 से 12 माह तथा वजन कम से कम 7 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।
प्रोजेक्ट मैनेजर मोहम्मद आमीन खान ने बताया कि जिन बच्चों का पूर्व में ऑपरेशन हो चुका है और वे उससे संतुष्ट नहीं हैं, वे भी पुनः निशुल्क सुधार हेतु संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश गुप्ता ने वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आरबीएसके कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजपाल सिंह, एआरओ सुरेश यादव, डीईआईसी मैनेजर डॉ. प्रतीक शाक्य, डॉ. गोविंद शुक्ला सहित सिप्स अस्पताल से मनु श्रीवास्तव, गंगाधर, जनार्दन प्रसाद एवं आरबीएसके टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












