बाढ़ की संभावित आपदा को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम-एसपी ने बाढ़ शरणालय का किया निरीक्षण
श्रावस्ती। मानसूनी बारिश और राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संभावित बाढ़ की आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने तहसील जमुनहा के लक्ष्मन नगर स्थित किसान डिग्री कॉलेज में बनाए गए बाढ़ शरणालय का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शरणालय में आपदा प्रभावित लोगों के ठहरने, सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन और बिजली समेत अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में बाढ़ प्रभावित नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।जिलाधिकारी ने शरणालय में शुद्ध पेयजल के लिए टैंकरों तथा क्लोरीन की गोलियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शरणालय में 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा टीम, जीवन रक्षक दवाएं, सर्पदंश रोधी टीके तथा ओआरएस के पैकेट उपलब्ध रहने चाहिए।
बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण पका भोजन तथा लाई, चना, गुड़ और बिस्कुट आदि सूखा राशन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर एवं आपातकालीन लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
मवेशियों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, पशु चारा और आवश्यक टीकाकरण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक सीधे जिला प्रशासन अथवा आपदा हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना दे सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जमुनहा रवि प्रताप सिंह, तहसीलदार जमुनहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












