बुल्लू सिंह बोले: “प्रधानों का कार्यकाल बढ़े या समय से हों चुनाव” राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानों का सम्मेलन, समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

Listen to this article

बुल्लू सिंह बोले: “प्रधानों का कार्यकाल बढ़े या समय से हों चुनाव”

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानों का सम्मेलन, समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

बहराइच, संवाददाता। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर पंचायत विकास मंच एवं प्रधान संघ के संयुक्त तत्वावधान में गोलवाघाट स्थित मां कमलादेवी पब्लिक स्कूल, सुंदर नगर में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों का भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बहराइच व श्रावस्ती जनपद से बड़ी संख्या में प्रधानों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी डा. प्रज्ञा त्रिपाठी व विशिष्ट अतिथि प्रधान संघ के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना व स्वागत गीत ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया। सम्मेलन में पंचायत विकास मंच के संयोजक सूरज शुक्ला, प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष भगवानदीन मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान प्रधानों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपा। मुख्य अतिथि डा. प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम प्रधान लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सम्मेलन में उठाए गए सभी मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
इस अवसर पर प्रधान संघ के महामंत्री सूर्य प्रकाश सिंह “बुल्लू सिंह” ने जोरदार तरीके से प्रधानों की आवाज उठाई। उन्होंने कहा, “ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई को समाप्त हो रहा है। ऐसे में सरकार को या तो प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करना चाहिए या समय से पंचायत चुनाव कराना चाहिए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।” उन्होंने आगे कहा, “मनरेगा के लंबित भुगतान के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़ रहे हैं। सरकार को तत्काल भुगतान जारी कराना चाहिए, जिससे गांवों में चल रहे कार्यों को गति मिल सके।” वहीं संयोजक सूरज शुक्ला व जिलाध्यक्ष भगवानदीन मिश्रा ने भी प्रधानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पंचायत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन सह संयोजक डा. श्याम चौधरी ने किया। इस दौरान राम सुंदर पांडेय, रामछबीले निषाद, अभिषेक शुक्ला, विजय शुक्ला, रामकोमल, रामछबीले यादव, सुरेश त्रिवेदी, अफफान खान, मंगलदास, सचिन, पप्पू सिंह, गुलाम वारिश, बृजेश सिंह, अमित पाठक, राजकुमार राव सहित सैकड़ों प्रधान व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now