गिलौला में बाल श्रम उन्मूलन व मिशन वात्सल्य पर बैठक,

Listen to this article

श्रावस्ती (गिलौला) से संवाददाता: वीरेंद्रकुमार वर्मा

जनपद श्रावस्ती के विकास खंड गिलौला अंतर्गत ग्राम पंचायत गिलौला में “बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश” एवं “मिशन वात्सल्य” के तहत ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (VLCWPC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापक द्वारा संयुक्त रूप से की गई, जिसमें बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा एवं उनके समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में विशेष रूप से बाल श्रम उन्मूलन, प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने तथा 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने निर्णय लिया कि ग्राम स्तर पर ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी जो विद्यालय से बाहर हैं या बाल श्रम में संलिप्त हैं, और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

इस दौरान बीओसीडब्ल्यू (BOCW) योजना के अंतर्गत श्रमिक परिवारों के लिए ई-श्रम कार्ड बनवाने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जा सके। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम हेतु जागरूकता बढ़ाने और मैरिज व माइग्रेशन रजिस्टर में समय से प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम में जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से बाल श्रम और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं, युवाओं एवं अन्य ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

बैठक में विद्यालय स्टाफ, विशेष किशोर पुलिस इकाई, मिशन शक्ति टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री, एएनएम सहित एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन से अभिषेक, देहात इंडिया से युसूफ, संतोष एवं महिला कल्याण विभाग के प्रतिनिधि सुरेश कुमार की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ग्राम को बाल श्रम एवं बाल विवाह मुक्त बनाने तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा और सुरक्षित बचपन का अधिकार दिलाने का संकल्प लिया।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now