मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत श्रावस्ती में लगाए जाएंगे विशेष कैंप
श्रावस्ती, 12 मई 2026।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए जनपद श्रावस्ती में विभिन्न विकास खंडों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी श्रावस्ती अनुराधा गर्ग द्वारा समस्त खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी निर्देशों के अनुसार शासन स्तर पर योजना की नियमित समीक्षा की जा रही है। जनपद को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक आवेदन विभिन्न बैंकों में प्रेषित किए जाने हेतु विकास खंड स्तर पर कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इन कैंपों में युवाओं से आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे तथा उन्हें योजना से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कैंप कार्यक्रम इस प्रकार है:
क्रम संख्या
तिथि
विकास खंड / कैंप स्थल
1
12 मई 2026
हरिहरपुर रानी
2
14 मई 2026
सिरसिया
3
16 मई 2026
जमुनहा
4
19 मई 2026
गिलौला
5
21 मई 2026
इकौना
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों की कैंप में सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। प्रत्येक कैंप में न्यूनतम 200 आवेदन पूर्ण कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही उद्योग विभाग द्वारा संचालित पीएम विश्वकर्मा योजना एवं अन्य वित्त पोषित योजनाओं के आवेदन भी कैंप में भरवाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कैंपों के सफल संचालन हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए तथा रोजगार, स्वयं सहायता समूहों और बैंक सखियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रत्येक कैंप में कम से कम पांच वीएलई की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है।
जिलाधिकारी अनुराधा गर्ग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।












