श्मशान भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीण ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार
बहराइच। तहसील एवं जिला बहराइच के ग्राम चिल्हरिया, परगना हिसामपुर निवासी सियाराम पुत्र संगम लाल ने गांव की सार्वजनिक श्मशान भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर श्मशान भूमि को कब्जामुक्त कराने की अपील की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार ग्राम चिल्हरिया स्थित गाटा संख्या 454, रकबा 0.045 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में श्मशान के रूप में दर्ज है, जिसका उपयोग ग्रामीण वर्षों से अंतिम संस्कार के लिए करते आ रहे हैं। आरोप है कि उक्त भूमि पर गांव के ही बहादुर पुत्र बेचई ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सियाराम का कहना है कि जब उन्होंने कब्जा हटाने का अनुरोध किया तो विपक्षी ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और लेखपाल के संरक्षण में कब्जा होने की बात कही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले की शिकायत हल्का लेखपाल एवं अन्य अधिकारियों से कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित राजस्व कर्मियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उनकी शिकायतों को अनसुना कर दिया।
ग्रामीण ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान भूमि की निष्पक्ष जांच कराकर उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सार्वजनिक भूमि पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
फिलहाल मामले में प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ग्रामीणों को जांच और कार्रवाई का इंतजार है।












