आकांक्षात्मक विकासखंड जमुनहा की समीक्षा बैठक संपन्न
खंड विकास अधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकासखंड जमुनहा के अंतर्गत 05 विषयगत क्षेत्रों से संबंधित सभी 50 इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विकासखंड स्तरीय अधिकारी, सीडीपीओ, बीईओ, एडीओ (कृषि), पशु चिकित्साधिकारी, बीपीएम, कौशल विकास विभाग, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA), C3 एवं अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं एवं आजीविका से संबंधित विभिन्न इंडिकेटर्स की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं का प्रथम त्रैमास में शत-प्रतिशत पंजीकरण, गर्भावस्था के दौरान चार या अधिक एएनसी जांच, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव, NQAS प्रमाणन, पूर्ण टीकाकरण, हाइपरटेंशन, डायबिटीज एवं टीबी स्क्रीनिंग, पुष्टाहार वितरण, अति कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों की स्थिति में सुधार तथा एनआरसी रेफरल की प्रगति पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त पंचायत भवनों पर पंचायत सहायकों की उपलब्धता, शौचालयों की क्रियाशीलता, हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल की पहुंच, पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण सहित अन्य प्रमुख इंडिकेटर्स की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की प्रगति प्रस्तुत की गई तथा शेष लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
खंड विकास अधिकारी महोदय द्वारा सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने तथा आकांक्षात्मक विकासखंड के समस्त इंडिकेटर्स में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कम प्रगति वाले इंडिकेटर्स पर विशेष ध्यान देने एवं नियमित अनुश्रवण करने पर बल दिया गया।












