आकाशीय बिजली से मोबाइल टावरों में खराबी, नेटवर्क ठप
कानपुर क्षेत्र में 28 अगस्त को लगभग 2 बजे आकाशीय बिजली गिरने से संचार व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। एलटियस कंपनी के दो मोबाइल टावरों महाराजपुर और पल्हेपुर साइट पर गंभीर तकनीकी खराबी आ गई है, जिससे क्षेत्र में नेटवर्क सेवा बाधित हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजपुर टावर साइट पर बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। साइट पर लगे बैटरी बैंक, जनरेटर, एएमएफ पैनल, ट्रांसफार्मर के साथ-साथ एयरटेल और जियो के बीटीएस उपकरण पूरी तरह खराब हो गए हैं। अचानक हुई इस खराबी से टावर का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है और आसपास के इलाके में मोबाइल नेटवर्क गायब हो गया है। वहीं पल्हेपुर साइट पर भी आकाशीय बिजली का असर देखने को मिला है। यहाँ आईपीएमएस सिस्टम, जनरेटर और एयरटेल बीटीएस में तकनीकी खराबी आई है, जिसके कारण संचार सेवा आंशिक रूप से बाधित रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद हो जाने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। लोग कॉल करने और इंटरनेट का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। इस संबंध में कंपनी के इंजीनियर जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आकाशीय बिजली के कारण दोनों साइटों पर उपकरणों में खराबी आई है। हमारी तकनीकी टीम मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। जल्द से जल्द सभी उपकरणों को बदलकर सेवाएं सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक मरम्मत कार्य जारी था।












