*स्व. विक्रम मिश्रा मेमोरियल राज्य स्तरीय डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन*
*विजेता एवं उपविजेता टीमों को मिली ट्रॉफी*
संवाददाता -मंजीत मिश्र
*पटना खरगौरा/ श्रावस्ती*- जिला वॉलीबॉल संघ श्रावस्ती के तत्वावधान में जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा में आयोजित प्रिय भतीजे स्व. विक्रम मिश्रा मेमोरियल राज्य स्तरीय डे-नाइट वॉलीबॉल प्रतियोगिता का देर रात भव्य समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्व सांसद एवं अध्यक्ष जिला पंचायत श्रावस्ती दद्दन मिश्रा जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि दद्दन मिश्रा जी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन, ऊर्जा और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने तथा युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर दद्दन मिश्रा जी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को मजबूत बनाते हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
स्व. विक्रम मिश्रा की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन खेल भावना और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।









