श्रावस्ती पुलिस लाइन में 281 रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड सम्पन्न
श्रावस्ती। पुलिस लाइन में 281 पुरुष रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक कारागार, कानपुर परिक्षेत्र मुख्यालय लखनऊ प्रदीप गुप्ता की उपस्थिति रही, जबकि आयोजन पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।09 माह के प्रशिक्षण (21 जुलाई 2025 से) के अंतर्गत 300 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया गया था, जिनमें से अंतिम रूप से 281 आरक्षी पासिंग आउट परेड के लिए सफल घोषित हुए। परेड का नेतृत्व रिक्रूट आरक्षी सौरभ सिंह, आलोक जायसवाल एवं किशन वर्मा ने किया और अनुशासन व उत्कृष्ट कदमताल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक उ.प्र. का संदेश एवं मुख्यमंत्री का संबोधन लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा गया। मुख्य अतिथि व पुलिस अधीक्षक ने नवप्रशिक्षित आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।समारोह में आंतरिक व बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। समग्र उत्कृष्ट प्रदर्शन में रवि कन्नौजिया, अमित यादव एवं अभिषेक श्रीवास्तव को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर सांसद रामशिरोमणि वर्मा, विधायक इंद्राणी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्री लाल वर्मा सहित प्रशासन व पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने अपने पुत्रों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। अंत में शपथ ग्रहण के बाद टोलियों के अनुशासित प्रस्थान के साथ समारोह का समापन हुआ।












