गैस एजेंसी पर अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग
समाचार विवरण:
जनपद बहराइच के महसी क्षेत्र अंतर्गत सिकंदरपुर स्थित गैस एजेंसी पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें बीते 4 से 5 दिनों से लगातार गैस सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। गैस बुकिंग कराने के बाद भी एजेंसी कर्मचारी 3 दिन बाद आने को कहते हैं और फिर वापस लौटा देते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, वहीं शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों के लिए एजेंसी कर्मचारी 2100 से 2200 रुपये तक लेकर सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं। इससे आम लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।












