पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान को मिली नई गति
महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति किया जागरूक
श्रावस्ती। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के प्रभावी पर्यवेक्षण में जनपद श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में शक्ति मोबाइल टीम एवं जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। चौपाल, संवाद एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों तथा सहायता सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें “शक्ति दीदी” के रूप में निडर होकर अपनी बात रखने और किसी भी प्रकार की समस्या के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने तथा किसी भी साइबर आपात स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीमों द्वारा UPCOP ऐप एवं CCTNS प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को उनका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क के संबंध में जानकारी प्रदान की गई तथा जागरूकता सामग्री वितरित की गई, जिससे आवश्यकता पड़ने पर महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्राप्त हो सके।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक जागरूकता पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।












