दलित चौपाल के बाद अब ‘चाणक्य चौपाल’ पर लोजपा (रामविलास) का फोकस, मनोज पाठक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोनीत
श्रावस्ती। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में दलित चौपाल अभियान के बाद अब ब्राह्मण समाज तक अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने प्रदेशभर में चाणक्य चौपाल’आयोजित करने की रणनीति बनाई है, जिसके माध्यम से ब्राह्मण समाज से संवाद स्थापित किया जाएगा।
इस बीच पार्टी नेतृत्व ने भिनगा विधानसभा-289 के पूर्व प्रत्याशी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष (मध्य) मनोज पाठक को चाणक्य चौपाल अभियान के तहत प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य मनोनीत किया है। इसे संगठन विस्तार और अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है।
मनोज पाठक ने बताया कि दलित चौपाल अभियान को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला। इसके बाद अब पार्टी ब्राह्मण समाज के बीच चौपाल आयोजित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा से ज्ञान, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व का केंद्र रहा है। समाज के प्रबुद्ध वर्ग ने समय-समय पर देश और समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उनका विश्वास है कि चाणक्य चौपाल’ के माध्यम से ब्राह्मण समाज एकजुट होकर अपनी बात प्रभावी ढंग से रखेगा और सामाजिक विकास में अपनी भूमिका को और सशक्त करेगा।
मनोज पाठक ने बताया कि जल्द ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में चाणक्य चौपाल के आयोजन की रूपरेखा घोषित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रबुद्ध लोगों से संवाद स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।












